पीएम मोदी को काले झंडे दिखाकर विरोध करने आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता को घाव दिए हैं। हाल ही में राज्य में शराब से कई लोगों की मौत हो गई और पीएम मौन साधे रहे। उन्होंने कहा कि चौकीदार चोर है का नारा हर गली-कूचे में बुलंद करेंगे।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी बाजपेयी ने नहीं, वरन यहां के शहीदों की शहादत ने बनाया। मोदी ने राज्य में दलबदल का कलंक लगाया और यहां के लोगों की पीढ़ा को नहीं सुना। उत्तराखंड से दिल्ली तक कांग्रेस के मोदी विरोध की गूंज जाएगी और देश भर से भाजपा के पैर उखड़ेंगे।
बृहस्पतिवार को आंबेडकर पार्क में एकत्रित कांग्रेस के समूह ने काले झंडे लहराए और फिर सभा की। सभा में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राफेल विमान घोटाले की जांच से केंद्र सरकार डर रही है। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा झूठा निकला। मोदी ने रोजगार न देकर युवाओं के घाव पर नमक मलते हुए पकौड़े तलने का बयान दे दिया।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के मैदान में उतरने से विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है। राहुल-प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस 2019 में सत्ता पर काबिज होगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि मोदी कहते थे कि मां गंगा ने बुलाया है। आज मां गंगा की देखरेख तक नहीं होती। कांग्रेस की ओर जनता का रुझान है। राज्य में कांग्रेस सशक्त होकर लोकसभा की पांचों सीटें जीतेगी।
नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कहा कि किसान आज कर्ज के कारण आत्महत्या कर रहा है और पीएम मोदी किसान को साल में छह हजार रुपये दे रहे हैं। किसान मोदी से मिलने वाले दो हजार रुपयों का बायकाट करें। किसान को छोटी सी आर्थिक मदद नहीं, बल्कि कर्जा माफी चाहिए।
राज्य की तानाशाह सरकार लोकतंत्र में विरोध को दबाने का काम कर रही है। इसका चुनाव में मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने कहा कि पीएम मोदी से 18 सवाल पूछे। लेकिन एक का भी जवाब नहीं दिया। भाजपा और उनके नेता जनता को गुमराह करते हैं।
-
.. और भगवान भी नहीं चाहते पीएम आएं
रुद्रपुर। आंबेडकर पार्क में आयोजित सभा में जब नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने अपना संबोधन दिया तो बारिश होने लगी। पहले तो बोलीं, भगवान न करे पीएम आएं और जब बूंदे तेज होने लगी तो हंसकर बोलीं देखो भगवान भी नहीं चाहते कि पीएम मोदी रुद्रपुर आएं। ब्यूरो
-
महिलाओं ने भी खूब लगाए चौकीदार चोर है के नारे
रुद्रपुर। गांधी पार्क इलाके और फिर गदरपुर तहसील मुख्यालय में काले झंडे दिखाकर विरोध जता रहे कांग्रेसियों ने चौकीदार चोर है का नारा बुलंद किया। एक के बाद एक कर आने वाले कांग्रेसियों की टोलियों ने जोशखरोश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। महिला कांग्रेसियों ने भी भाजपा व मोदी विरोधी नारेबाजी करते हुए माहौल को गरमाए रखा।