युवा कांग्रेस सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष किशोर हालदार ने कोरोना महामारी के दौर में सांसद अजय भट्ट पर क्षेत्र से गायब होने का आरोप लगाया है। रविवार को उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ थानेे में पहुंचकर एसओ अशोक कुमार को पत्र सौंपा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के आम चुनाव के दौरान अजय भट्ट जनता के बीच वोट मांगते हुए देखे गए थे। इस समय क्षेत्र की जनता अत्यंत मुश्किलों का सामना कर रही है। मरीजों को वैक्सीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन आदि आवश्यक सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है।
विपदा की इस घड़ी में वह नदारद हैं। उनको अपने सांसद क्षेत्र में रहकर लोगों की समस्याओं का निदान करना चाहिए। उन्होंने थानाध्यक्ष से सांसद की गुमशुदगी दर्ज करके उनकी बरामदगी की मांग की है। वहां मंगल सिंह, शैलेंद्र प्रताप, अभिषेक खाली, मुकेश राणा थे।
नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में बने डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटरों का कुछ दिन पूर्व निरीक्षण कर मरीजों के इलाज और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इस दरम्यान कोई भी कांग्रेस कार्यकर्ता उनसे नहीं मिला था। जिला अस्पताल को तीन महीने में दो एंबुलेंस दे चुके हैं। लगातार सीएमओ, डीएम के साथ ही विधायकों से संपर्क कर व्यवस्थाओं को लेकर अपडेट ले रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपना चश्मा बदलने की जरूरत है। नैनीताल जिले में स्वास्थ्य उपकरणों के लिए एक करोड़ से अधिक की निधि दी है और ऊधमसिंह नगर प्रशासन से जो डिमांड आएगी तो उसके हिसाब से निधि से बजट जारी किए जाएंगे। वे जनसेवा में जुटे हैं और उन्हें कांग्रेस का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।
- अजय भट्ट, सांसद।