रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में रविवार को कुल 3290 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी। इनमें 18 वर्ष से अधिक उम्र के 2,531 लोग और 45 वर्ष से अधिक उम्र के 760 लोग शामिल रहे।
जिले में कोरोना वैक्सीन की कमी को देखते हुए रविवार तड़के देहरादून से 14 हजार, 780 वैक्सीन पहुंची। इसके बाद जिले के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू हुई। रुद्रपुर टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन लगवाने के लिए काफी भीड़ रही। इंदिरा कालोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इधर, जिले में वैक्सीन उपलब्धता को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के माथे पर बल नजर आए। सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने क्षेत्रीय वैक्सीन भंडार में कोविशील्ड व कोवैक्सीन की उपलब्धता को जांचा। उन्होंने कहा कि जिले में अभी पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन है। देहरादून से वैक्सीन की लगातार आपूर्ति हो रही है।
अधिवक्ताओं ने लगवाया टीका
रुद्रपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला बार एसोसिएशन की ओर से जिला जजी परिसर स्थित एडीआर सेंटर में रविवार को कोरोना टीकाकरण किया गया। शुभारंभ सिविल जज प्रवर खण्ड/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अविनाश श्रीवास्तव, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर पांडे, महासचिव शिव कुंवर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। एएनएम दीपा जोशी ने अधिवक्ताओं को टीका लगाया। न्यायाधीश अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि 700 लोगों का टीकाकरण कराया जाएगा।