कांग्रेसी नेता समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, गालीगलौज, पीटकर मारने की धमकी देने के आरोप में पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया है। नगर के एक मॉल के पास निवासी निधि चौधरी ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि उसका विवाह 2006 में मोहल्ला काजीबाग इस्लामिया स्कूल के पास निवासी मोहित चौधरी से हुआ था। विवाह के बाद पति और सास कम दहेज का ताना देते हुए मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करने लगे। लेकिन वह परिवार की खातिर उत्पीड़न सहती रही। इस दौरान उसके दो पुत्र हुए।
निधि ने आरोप लगाया कि एक साल से उसके पति के अवैध संबंध गदरपुर निवासी रिश्तेदार महिला से हो गए, जिसके उसके पास सबूत हैं। निधि ने आरोप लगाया कि वह अधिक दहेज के लालच में मोहित का तलाक कराकर उसका विवाह उसी महिला से करवाना चाहते हैं।
निधि ने कहा कि समझाने के बाद भी मोहित नहीं माना। सात नवंबर 2018 की रात मोहित नशे में घर आया और उसका गला दबाने की कोशिश की। किसी तरह उसने अपनी जान बचाई और मायके चली आई। इसके बाद उसका पति दोनों बच्चों को भी उसके पास छोड़ गया।
पुलिस ने निधि की तहरीर पर पति मोहित चौधरी, सास फूला देवी, ननद सोनू शर्मा और नीलम खुराना के खिलाफ 498ए, 323, 504, 506 आईपीसी व 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।