सितारगंज में आयोजित किसानों की बैठक में बोलते नवतेज पाल सिंह।
- फोटो : SITARGANJ
किसान नेता नवतेज पाल सिंह ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही गेहूं की फसल भी पककर तैयार हो गई है। हवा के थपेड़ों से आए दिन फसलों में आग लग रही है। आग से जलने वाली फसलों का पूरा मुआवजा दिया जाए। इस दौरान सभी आठ सूत्री मांगों को किसानों ने प्रमुखता से रखा गया।
बृहस्पतिवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में भारतीय किसान यूनियन की बैठक राजेंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसानों ने गेहूं तौल केंद्र जल्द खोलने, गेहूं खरीदने के 48 घंटों के भीतर भुगतान करने, फायर ब्रिगेड का वाहन मंडी में खड़ा करने, आग से नष्ट फसल का पूरा मुआवजा देने, नकटपुरा तौल केंद्र को धार्मिक स्थल के बजाय सार्वजनिक स्थल पर लगाने, सितारगंज चीनी मिल को जल्द चालू करने आदि की मांग की।
किसानों ने कहा कि चीनी मिल चालू होने से किसानों का गन्ने की खेती करने से मोह भंग नहीं होगा और फसल चक्र भी चलता रहेगा। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा की कार्यकारिणी के गठन पर भी विचार किया गया। वहां ब्लॉक अध्यक्ष गुरसाहब सिंह गिल, साहब सिंह बिज्टी, अनिरुद्ध राय, जसवंत सिंह, बलदेव सिंह, सतनाम सिंह, दिलबाग सिंह, बलविंद्र सिंह आदि थे।