फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीड़ितों से मिले सीएम, अधिकारियों पर डाल गए जिम्मा

विज्ञापन
सीएम के आगे हाथ जोड़कर मद्द की गुहार लगाती महिला। - फोटो : KASHIPUR
विज्ञापन
काशीपुर। अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात के लिए अपने तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत बृहस्पतिवार दोपहर अग्निकांड से प्रभावित दुकानदारों के बीच पहुंचे। यहां सीएम ने 28 मिनट का समय गुजारकर अग्निकांड से प्रभावित सभी दुकानों का जायजा लिया और कुछ दुकानदारों की पीड़ा भी सुनी लेकिन मदद की कोई घोषणा नहीं की। सीएम प्रशासनिक अधिकारियों पर जांच की जिम्मेदारी डालकर लौट गए।
विज्ञापन

सीएम 2:50 बजे स्टेडियम में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। यहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही विधायक हरभजन सिंह चीमा और मेयर ऊषा चौधरी ने उनकी अगुवाई की। हेलीपैड पर ही सीएम ने कार्यकर्ताओं से भेंट की उसके बाद कार से पुरानी सब्जी मंडी के लिए रवाना हो गए। 2:56 बजे सब्जी मंडी पहुंचने के बाद सीएम ने एक सिरे से दुकानों का जायजा लेना शुरू किया और आग से जली सभी दुकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान कई लोग सीएम को अपना दुखड़ा सुना सके और कई मायूस होकर लौट गए। कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने फरियादियों को सीएम के पास आने से रोक दिया। कई दुकानदारों ने सीएम को अपना जला हुआ सामान दिखाने के लिए जमा भी किया था लेकिन भीड़ के चलते सीएम उन तक नहीं पहुंच पाए।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि आग किन कारणों और परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच के लिए कुमाऊं कमिश्नर की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जाएगी। समिति विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी ताकि इस हादसे के लिए जिम्मेदारी तय हो सके। उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड में रोज कमाने वाले छोटे व्यापारियों की रोजी रोटी का सहारा छिन गया है, जो बेहद पीड़ादायक है। इसके लिए डीएम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने पर मुआवजा या आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पीड़ितों को कितना मुआवजा मिलेगा, इस पर सीएम चुप्पी साध गए। इससे पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा और मेयर ऊषा चौधरी ने सीएम को पुरानी सब्जी मंडी में हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी। वहां डीएम रंजना राजगुरू, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एडीएम जगदीश कांडपाल, एसडीएम गौरव कुमार, सीओ अक्षय प्रहलाद कोंडे के अलावा भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, अनिल कुमार, गुरविंदर सिंह चंडोक आदि थे।
पीड़ितों को मुआवजे के लिए सीएम को दिया ज्ञापन
काशीपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर दुकानों का फिर से निर्माण कराने, पीड़ितों को सीएम विवेकाधीन कोष से हर दुकानदार को छह लाख रुपये की राहत राशि प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में नगराध्यक्ष प्रभात साहनी और उपाध्यक्ष जतिन नरूला शामिल रहे। उधर, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री आशीष अरोरा बॉबी ने भी नुकसान का सही मूल्यांकन कराकर पीड़ित दुकानदारों को ठोस आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। संवाद
सीएम के सामने फूट फूटकर रोई राधा
काशीपुर। आग में पूरी दुकान जलकर नष्ट होने से राधा और उसकी देवरानी के सामने परिवार को चलाने का संकट आ खड़ा हुआ है। सीएम से सामना होते ही राधा फूट फूटकर रोने लगी। राधा ने बताया कि आग में उसके पति धर्मेंद्र और देवर हरीश की दुकानें जलकर रखा हो गईं। उसका देवर मूकवधिर है। सब कुछ जल जाने के बाद उसके परिवार के समक्ष भुखमरी का संकट आ गया है। ऐसे में उसे फौरन मदद की दरकार है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें