कल्याणपुर में पानी की निकासी बंद होने से ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने निजी स्कूल पर ग्रामसभा की सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए स्कूल का विरोध किया।
ग्रामीणों ने तहसीलदार से इसकी शिकायत की। जिस पर तहसीलदार ने मौके पर पहुंच मामले की जांच की। जांच में स्कूल द्वारा ग्रामसभा की वर्ग आठ की जमीन पर मिट्टी भरान करना सामने आया।
इस पर तहसीलदार ने प्रधानाचार्य से स्कूल संचालन के अभिलेख तलब किए और पाटी गई खंती में ह्यूम पाइप डालने के निर्देश दिए।
कल्याणपुर गांव में खंती को पाटकर मिट्टी भरान करने से मंगलवार को बरसात का पानी गांव में भर गया। जिससे ग्रामीण गुस्सा गए।
उन्होंने निजी स्कूल पर ग्रामसभा की सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार रमेश चंद्र गौतम से इसकी शिकायत की।
जिस पर तहसीलदार गौतम ने राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। प्रधान भूपाल सिंह बोरा ने बताया कि निजी स्कूल द्वारा रास्ता बनाने के लिए ग्रामसभा की सरकारी खंती पर कब्जा कर मिट्टी भरान कर दिया।
जिससे गांव के पानी की निकासी बंद हो गई है और गांव में तालाब में तब्दील होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले से खंड शिक्षाधिकारी को अवगत कराया। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस पर तहसीलदार ने मामले की जांच की। जिस पर स्कूल द्वारा वर्ग आठ की सरकारी भूमि पर बनी खंती को पाटकर रास्ता बनाना सामने आया।
तहसीलदार गौतम ने प्रधानाचार्य से अभिलेख तलब किए और शीघ्र ही पाटी गई खंती पर हृयूम पाइप डालने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल द्वारा पानी निकासी बंद की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर राजस्व निरीक्षक जोगा सिंह के अलावा पूर्व उपप्रधान उज्ज्वल सिंह कार्की, रमेश कुंवर, भीम सिंह कार्की, अंकित कुंवर, रमेश सिंह धामी, मनोज तिवारी, पूरन सिंह कार्की, दान सिंह कार्की आदि थे।