नगर के बीच से बहने वाले ऐंठा और खकरा नाले की सफाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तहसीलदार राधेश्याम राणा का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप था कि नालों की सफाई नहीं होने से बरसात के समय पानी ओवरफ्लो होकर उनके घरों में घुसता है। नालों में पड़ी गंदगी से बीमारियों की संभावना बनी हुई है।
वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन बोरा के नेतृत्व में तहसीलदार का घेराव करने आए अमाऊं, राजीव नगर, गौटिया, उमरुखुर्द के ग्रामीणों ने ऐंठा और खकरा नाले की सफाई की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से इन नालों की सफाई न करने से बीमारियों की संभावना बनी हुई है वहीं बरसात होने पर नालों में पानी ओवरफ्लो होकर उनके घरों के अंदर घुसेगा। ग्रामीणों ने नालों की सफाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
तहसीलदार ने नगर पालिका को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहां सांसद प्रतिनिधि दान बहादुर सिंह, पीडी जोशी, विष्णु दत्त भट्ट, नवीन चंद्र भट्ट, मोहन सिंह, रोशन रावत, बाबू राम मौर्य, रोशन रावत, ठा. जितेंद्र सिंह, ठा. भगवान सिंह, सुधीर बंसल, जीशान अहमद, ललित जोशी आदि थे।
बाहर आने लगी चोक नालियों की गंदगी
नगर में व्याप्त गंदगी एवं चोक नालियों से फैल रही दुर्गंध से आम जनता को निजात नहीं मिल पा रही है। नगर के मुख्य और सह मार्गों के दोनों ओर बनी नालियां गंदगी से पटी संक्रमण को आमंत्रण देने लगी हैं।
नगर सीमा के अंतर्गत चोक और गंदगी से पटी नालियां इस भीषण गर्मी में दुर्गंध फैलाने लगी हैं। सितारगंज रोड में एनएच के दोनों ओर नाली में तमाम कचरा फंसा पड़ा है। सीएचसी और विधायक कार्यालय के पास गंदगी से भरी नाली दूर तक बदबू फैला रही है। टनकपुर रोड पुराने स्टेट बैंक परिसर के पास गंदगी से पटी नाली जन असुविधा का कारण बन चुकी है।
पुराने बैंक परिसर से सटे कांग्रेस पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष के कार्यालय के बाहर चोक नाली का पानी कार्यालय परिसर के साथ ही बराबर वाले मार्ग में बहकर सड़ांध फैलाने लगा है। नगर में व्याप्त गंदगी के संबंध पालिकाध्यक्ष सुरईया मेंहदी को भी अवगत कराया गया लेकिन लगातार शिकायत के बाद भी चोक नालियों से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है।