बाजपुर। गुरुद्वारा साहिब से बहन के साथ घर लौट रहे कक्षा दो के छात्र को कार ने टक्कर मार दी। बुधवार को हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर हुए हादसे के बाद राहगीरों ने बालक को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यूपी के जिला मुरादाबाद के नंदरौली गांव निवासी योगेंद्र का बेटा मयंक (8) अपनी बहन के साथ नानी के गांव भूड़ी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। दोनों नमूना गांव के गुरुद्वारा साहिब से घर लौट रहे थे। सड़क पार करते समय मयंक का अचानक उसकी बहन से हाथ छूट गया। इसी समय वह तेज गति से आ रही कार की चपेट में आ गया।
कार की टक्कर से छात्र उछलकर दूर सड़क पर जा गिरा। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसे गंभीर अवस्था में उप जिला चिकित्सालय लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना पर परिवार के लोग भी आ गए। बरहैनी पुलिस चौकी प्रभारी अशोक कांडपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार के लोगों ने बताया कि दो दिन पहले ही मयंक काे एक स्कूल में कक्षा दो में दाखिला दिलाया था। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि कार पुलिस के कब्जे में है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।