रुद्रपुर। जिले के उप जिला अस्पतालों के साथ ही कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनरल सर्जन की कमी से जूझ रहे हैं। इसके चलते इन अस्पतालों में मरीजों की सर्जरी नहीं हो पाती है। अब सीएमओ ने इसकी नई व्यवस्था की है। सर्जन विहीन अस्पतालों के मरीजों की सर्जरी सितारगंज और काशीपुर उप जिला अस्पताल (एसडीएच) में होगी।
सर्जन की तैनाती नहीं होने से खटीमा एसडीएच के साथ ही किच्छा, बाजपुर, गदरपुर, जसपुर सीएचसी में ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। इन अस्पतालों में सर्जरी की समस्या लंबे समय से उठ रही है। लोगों को सर्जरी के लिए जिला अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों की शरण लेनी पड़ती है।
सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने सितारगंज उप जिला अस्पताल में खटीमा एसडीएच, किच्छा और शक्तिफार्म अस्पताल से संबंधित मरीजों के ऑपरेशन कराने की व्यवस्था की है। बाजपुर, गदरपुर, जसपुर सीएचसी से संबंधित मरीजों के ऑपरेशन काशीपुर एसडीएच में होंगे। मरीजों को उक्त अस्पतालों में भिजवाने की व्यवस्था की जाएगी।
-कोट:
किसी भी अस्पताल के मरीज सर्जरी से वंचित नहीं होंगे। काशीपुर एसडीएच में तैनात सर्जन डॉ. पुनीत बंसल बाजपुर, जसपुर सीएचसी के मरीजों की सर्जरी करेंगे। डॉ. अनुज तोमर गदरपुर सीएचसी के मरीजों की सर्जरी करेंगे। सितारगंज में तैनात सर्जन डॉ. अभिनव तरुण शर्मा खटीमा एसडीएच, किच्छा और शक्तिफार्म के मरीजों के ऑपरेशन करेंगे। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, यूएस नगर