खटीमा के नागरिक अस्पताल ले जाने को वाहन में लदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पुराना सामान।
- फोटो : amar ujala
लंबे समय से लोकार्पण की बाट जोह रहा 100 बैड का नागरिक अस्पताल जल्द संचालित हो जाएगा। आगामी छह दिसंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इसका लोकार्पण करेंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर अस्पताल संचालन की बात कही जा रही है, लेकिन वहां महज आठ डॉक्टर तैनात हैं, जबकि 100 बेड के अस्पताल के लिए 22 डॉक्टरों की जरूरत है।
इस समय प्रदेश भर के अस्पताल डॉक्टर की कमी से जूझ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खटीमा में ईएमओ सहित महज आठ डॉक्टर हैं। सर्जन, फिजीशियन और गायनी आदि का यहां अभाव हैं। ऐसे में तत्काल पर्याप्त डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती कहां से की जाएगी, इसका जवाब चिकित्सा विभाग के पास नहीं है। इसके अलावा जांच से संबंधित मशीनें और अन्य उपकरण की व्यवस्था भी चुनौतिपूर्ण है।
महानिदेशक को सौंपी जरूरी सामान की सूची
नागरिक अस्पताल के लिए जरूरी सामान की सूची स्वास्थ्य महानिदेशक को सौंपी गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनीता रतूड़ी ने कहा कि इसमें आईसीयू, रेडियोलाजी विभाग, कार्यालय फर्नीचर, आर्थोपैडिक उपकरण आदि शामिल हैं। इस सूची में से कितना सामान मिलेगा इसका पता नहीं। ओपीडी चलाने लायक सामान उनके पास मौजूद है।