रुद्रपुर। शहर की संवेदनशील जगहों के अलावा धार्मिक स्थलों की निगरानी ड्रोन कैमरे से होगी। पुलिस भी सारे उपकरणों से लैस होकर शहर के चप्पे-चप्पे की निगरानी करेगी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीवी डिबेट के दौरान समुदाय विशेष के खिलाफ टिप्पणी के बाद लोग पूरे देश में अशांति का माहौल बना रहे हैं। इसी के चलते शहर की पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली है। एसएसपी ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों व धार्मिक स्थलों में विशेष उपकरणों से लैस होकर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा उन जगहों की वीडियोग्राफी ड्रोन कैमरे के माध्यम से होगी। एसएसपी ने जिले के सारे थाना प्रभारियों को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया है। एसएसपी ने कहा कि कहीं पर कुछ भी संदिग्ध अवस्था में मिलता है तो उस पर त्वरित कार्रवाई की जाए। शहर के कई संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस विभाग ने कई स्पेशल टीमें बनाई हैं व उनकी ड्यूटी लगाने के लिए खाका तैयार कर लिया है। इसके अलावा एसएसपी ने ट्रैफिक पुलिस को भी चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश
रुद्रपुर। समुदाय विशेष के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में देश में जगह-जगह पर धार्मिक हिंसा व आगजनी के मामले देखे जा रहे हैं। एसएसपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अग्निशमन विभाग को भी निर्देश दिया है कि सभी स्टेशन के इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। वाहनों का निरीक्षण करके उनको तैयार रखें। कहीं से कोई सूचना आने पर वहां तुरंत पहुंच कर कार्रवाई करे। इसके अलावा सेना की अग्निवीर भर्ती के मामले में देश के कई स्थानों पर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए एसएसपी ने फायर स्टेशन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।