रुद्रपुर में इंदिरा कालोनी में हुआ जलभराव।
- फोटो : RUDRAPUR
बारिश के कारण सोमवार को शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई। बाजार क्षेत्र के साथ ही जगह-जगह जलभराव की समस्या रही। मलिन बस्ती ट्रांजिट कैंप में कई मकानों में पानी घुस गया। मौसम वैज्ञानिकों ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। इधर बारिश से कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने की वजह से आसपास के लोग आशंकित हैं।
रुद्रपुर में रविवार रात से सोमवार को दिनभर बारिश जारी रही। बारिश के कारण अग्रसेन चौक, गांधी पार्क, बाटा चौक, बाजार क्षेत्र के साथ ही शहर की इंदिरा कालोनी, आदर्श कालोनी, सिविल लाइन में जलभराव की समस्या रही। इंडेन गैस एसेंजी परिसर में जलभराव की समस्या रही। कुछ मकानों में बरसाती पानी घुस गया। साथ ही कीचड़ की भी समस्या रही। काशीपुर बाइपास पर नालियों का कूड़ा-कचरा बरसाती पानी के साथ सड़कों पर तैरता नजर आया।
आसपास के व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर की सफाई व्यवस्था चौपट है। नालियों की नियमित सफाई न होने से बारिश में गंदगी से बजबजाती नालियों का कचरा सड़कों पर तैर रहा है। इससे दुर्गन्ध के साथ ही संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। इधर, पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने कहा कि जिले में सोमवार शाम तक 127 एमएम बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिले में मध्यम व पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
रुद्रपुर में बालाजीद्वार मार्ग पर हुआ जलभराव।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर के काशीपुर बाइपास में सड़क पर तैरता नालियों का कचरा।- फोटो : RUDRAPUR