रुद्रपुर पूर्ति कार्यालय में आधार कार्ड जमा करने के लिए लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : RUDRAPUR
पूर्ति विभाग के अधिकारियों के फरमान ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। कार्ड निरस्त होने के भय के चलते रोजाना सैकड़ों लोग जिला पूर्ति कार्यालय में पहुंच रहे हैं। दस्तावेज जमा करने के लिए लोगों की होड़ ऐसी मची है कि वे दफ्तर में आकर सामाजिक दूरी तक का पालन नहीं कर रहे हैं। इधर, दस्तावेज लेकर कर्मचारी अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
दरअसल, जनवरी से स्मार्ट राशन कार्ड बनाने की कवायद शुरू हो गई थी। इसके लिए कार्ड धारकों से परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड को कोटेदारों और पूर्ति अधिकारियों के पास जमा कराए गए। राशन कार्ड ऑनलाइन होते ही सैकड़ों परिवारों के नाम ऑनलाइन वेबसाइट से गायब कर दिए गए थे। लापरवाही के चलते जरूरतमंद परिवारों को राशन नहीं मिल पा रहा है। वहीं, पूर्ति अधिकारियों की ओर से नया आदेश जारी कर दिया गया कि जिन लोगों ने दस्तावेज जमा नहीं किए हैं, वह तीन दिन में कर दें। दस्तावेज जमा नहीं करने पर ऑनलाइन वेबसाइट से नाम हटा दिया जाएगा।
इस आदेश के बाद जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोगों को भय हो रहा है कि उनका नाम ऑनलाइन वेबसाइट से न हट जाए। आधार सीढ़ी के नोडल अधिकारी धमेंद्र सिंह धामी ने बताया कि जिन लोगों ने पहले अपने आधार कार्ड जमा कर दिए हैं, उन्हें दोबारा दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है। पूर्ति अधिकारी अनीता तिवारी ने बताया कि जिन लोगों ने दस्तावेज जमा नहीं किए हैं वे नजदीकी कोटेदार को दे सकते हैं। (संवाद)