रुद्रपुर एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते कांग्रेसी व किसान।
- फोटो : RUDRAPUR
जिले में इस बार सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की रिकॉर्ड खरीद के बावजूद समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा है। आक्रोशित किसानों ने बृहस्पतिवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रपत्र-6 न देने का भी आरोप लगाया।
पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय के साथ किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता उत्तराखंड राज्य भंडार निगम में वरिष्ठ विपणन अधिकारी हेमंत जोशी का घेराव करने पहुंचे लेकिन जोशी कार्यालय नहीं पहुंचे। इसके बाद आक्रोशित किसान एसडीएम विशाल मिश्रा का घेराव करने उनके कार्यालय पहुंचे। किसानों का आक्रोश भांपते हुए एसडीएम ने किसानों को गेट पर ही रुकवा दिया। इसके बाद तीन किसान एसडीएम से उनके कार्यालय में मिले।
उन्होंने कहा कि अब तक किसान 350 करोड़ रुपये से भी अधिक का धान बेच चुके हैं लेकिन भुगतान सिर्फ 50 करोड़ रुपये का ही हुआ है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की। वहां बलजीत सिंह, वशिष्ठ कुमार, जगदीश तनेजा, राजेंद्र निषाद, हरप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतवरी सिंह आदि थे। इधर, जिला सहायक निबंधक हरीश खंडूरी ने कहा कि किसानों के धान के भुगतान के लिए शासन से बजट की मांग की गई है।