खटीमा में विधायक भुवन कापड़ी को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। ग्रामीणों ने झनकईया से काला पुल तक बनाई जा रही सड़क पर घटिया सामग्री लगाए जाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने विधायक भुवन कापड़ी को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने विधायक कापड़ी को दिए ज्ञापन में कहा कि झनकईया से काला पुल तक सड़क का डामरीकरण किया जा रहा है। जिसमें मानकों के हिसाब से सामग्री नहीं लगाई जा रही है। सड़क निर्माण से ग्रामीण संतुष्ट नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार एवं विभागीय जेई को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। सड़क के दोनों ओर गड्ढे कर दिए गए हैं जिससे भविष्य में नुकसान की संभावना है।
नदी की ओर से मिट्टी खोदकर कार्य में लगा जा रहा है। ऐसे में बरसात में नदी के टूटने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने विधायक कापड़ी से सड़क निर्माण में लगाई जा रही घटिया सामग्री की जांचकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में सौरभ सिंह बिष्ट, विजय सिंह, करन कुमार, आनंद सिंह, रमेश सिंह, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, अजय सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।