क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों की बैठक में ग्राम प्रधानों ने फर्जी राशन कार्ड बनाने के विरोध में हंगामा काटा। पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाने, राष्ट्रीय पर्व पर विभागों के अधिकारियों की ओर से ग्राम प्रधानों को बुलाने का प्रस्ताव रखा।
बुधवार को ब्लॉक कार्यालय सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में ग्राम प्रधानों ने कहा कि उनके गांव में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने अपात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाए हैं। किलावली गांव के प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि उनके गांव के प्राथमिक विद्यालय में बाहरी लोग बैठकर नशा करते हैं। उन्होंने विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण कराने की मांग की।
ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष ब्रह्मानंद लाहौरी ने अधिकारियों से राष्ट्रीय पर्व पर ग्राम प्रधानों को बुलाए जाने, ग्रामों के बाल विकास केंद्रों पर सफाई व्यवस्था ठीक प्रकार से नहीं होने, लाभार्थियों को पुष्टाहार कम मात्रा में दिए जाने, ऊर्जा निगम के अधिकारियों की ओर से ग्राम प्रधानों के फोन नहीं उठाए जाने, बिजली विभाग के जर्जर हुए खंभों को बदले जाने, ढीली तारों को ठीक कराने, पशु चिकित्सालय की भूमि को उसके नाम कराने, टूटी सड़कों का पुनर्निर्माण कराने आदि के प्रस्ताव रखे।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अरुण कुमार ने ग्राम प्रधानों को बताया कि ब्लॉक क्षेत्र की सभी सड़कों के पुनर्निर्माण के प्रस्ताव विभाग को भेज दिए गए हैं। उधर, आपूर्ति निरीक्षक विनोद चंद तिवारी ने कहा कि उन्होंने किसी का राशन कार्ड नहीं बनाया है। जो भी राशन कार्ड बने हुए हैं, वह पहले से ही बने हुए हैं। राशन कार्डों की जांच करा कर अपात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे।
विधायक आदेश चौहान ने विभागीय अधिकारियों को ग्राम प्रधानों की समस्याओं के निस्तारण की समय सीमा निर्धारित करने के लिए कहा। वहां विधायक आदेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख संदीप कौर, गुरताज भुल्लर, रुपेश बाटला, सरफराज अहमद, सुनीता कौर, अमरजीत बाजवा, कमरुद्दीन अली, राजीव सैनी, तस्लीम अहमद, शाहनवाज आदि थेे।