जसपुर। करनपुर वन गुर्जर नई बस्ती के बच्चे विधायक आदेश चौहान संग बृहस्पतिवार को एसडीएम गौरव चटवाल से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने वैकल्पिक शिक्षा केंद्र खुलवाने की मांग की।
विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वन गुर्जरों के बच्चों की शिक्षा के लिए वन क्षेत्र में वर्ष 2009 में कक्षा पांच तक की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक शिक्षा केंद्र खोला था। ग्रामीण क्षेत्र के तीन शिक्षक मानदेय पर 65 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते थे। 31 मार्च को बिना बताए सरकार ने इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया।
प्रभारी बीईओ सीताराम कछारी ने बताया कि सेंटर बंद करने संबंधी रिपोर्ट उनसे नहीं मांगी गई है। विभाग बच्चों को नजदीक के स्कूल भोगपुर अथवा दुर्गापुर में दाखिला कराकर उन्हें बस का किराया देना चाहता है।
उन्होंने शिक्षा निदेशक बीडी तिवारी से मोबाइल पर वार्ता कर सेंटर खुलवाने को कहा। शिक्षा निदेशक ने विधायक को सेंटर खुलवाने का भरोसा दिलाया। यहां गफ्फार, शमशाद, सत्तार, रुस्तम, कुबरा, शायरा, वसीर आदि रहे।