बच्चों के विवाद बड़ों में जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियार चले। जिसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को ग्राम डियूढी में हुसैन शाह के चार वर्षीय बेटे अरशद और रहमान शाह के पांच वर्षीय पुत्र सुभान के बीच खेल-खेल में झगड़ा हो गया। दोनों बच्चों के अपने-अपने परिवार में झगड़े की बात बताने पर सोमवार सुबह नौ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आए गए और दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। संघर्ष में एक पक्ष के रहमान शाह पुत्र अब्दान शाह, राशिद अली बब्बू पुत्र रहमान शाह, इरसदी बेगम पत्नी रहमान शाह, रहमत शाह पुत्र अब्दान शाह तथा दूसरे पक्ष के हुसैन शाह पुत्र जमाल शाह, इरफान शाह पुत्र रूमाल शाह, मुख्तयार शाह पुत्र जमाल शाह और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सुचना पर पहुंची पुलिस ने 108 आपातकालीन सेवा से घायलों को सितारगंज सीएचसी भेजा। लेकिन मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा अस्पताल को लिखित सूचना न भेजने पर डाक्टरों ने उन्हें बैरंग नानकमत्ता लौटा दिया। दोनों पक्षों ने पुलिस को एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर सौंपी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को नामजद करते हुए आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ धारा 323 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया। थानाध्यक्ष मदन मोहन जोशी ने बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद विवेचना कर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।