कैलाश नदी में अवैध खनन में माफियाओं का खेल जारी है। माफिया रात को नदी का सीना छलनी कर रहे हैं और सुबह होते ही खनन कर एकत्रित उपखनिज के स्टॉक लगा देते हैं। प्रशासनिक टीम ने स्टॉकों पर छापेमारी तीन स्टॉॅकों पर मानक से अधिक उपखनिज मिलने पर 5.18 लाख रुपये का जुर्माने की संस्तुति की है।
सोमवार को एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल के निर्देश पर तहसीलदार रमेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में टीम ने उकरौली नदी में छापा मारा। नदी किनारे गांव में उपखनिज के तीन स्टॉक भी लगे पाए। इस पर टीम ने इन स्टॉकों की पैमाइश की, जिस पर उकरौली के बलवीर सिंह उर्फ मंगा पुत्र महेंद्र सिंह द्वारा 350 घनमीटर, हीरा सिंह द्वारा 190 घनमीटर और प्रकाश चंद्र भट्ट पुत्र प्रयाग भट्ट द्वारा 275 घनमीटर अवैध खनन का स्टॉक करना सामने आया। राजस्व टीम ने पैमाइश के बाद रिपोर्ट एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल को सौंपी। एसडीएम ने बताया कि बलवीर पर तीन लाख, हीरा सिंह पर 1.71 लाख और प्रकाश पर 2.47 लाख रुपये का जुर्माना डालने की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम डा. पंकज पांडेय को भेजी जा रही है। एसडीएम ने कहा कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान राजस्व निरीक्षक जोगा सिंह, पटवारी राजकुमार आदि थे।