काशीपुर। भाई-बहन को एमबीबीएस में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 44 लाख की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी को सौंपे शिकायती पत्र में रुपये मांगने पर आरोपी की ओर से जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने केस दर्ज कर रकम दिलाने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला महेशपुरा जीत कॉलोनी निवासी मोहम्मद वसीम ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें बताया कि वह कोटा राजस्थान में वर्ष 2021 में नीट की तैयारी कर रहा था। इसी बीच उसके पास उसके मौसेरे भाई का फोन आया।
उसने बताया कि उसकी मुलाकात फतेहबाद रोड पीओ कोलरा कला ग्राम नगला हरे आगरा यूपी निवासी एक डॉक्टर से हुई है। उन्होंने उसे भरोसा दिया है कि वह उसकी परीक्षा पास कराकर ऋषिकेश एम्स में एमबीबीएस में प्रवेश करा देगा।
कुछ दिन बाद उसकी जसपुर बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में डॉक्टर और उसके दो अन्य साथियों से मुलाकात हुई। यहां पर उन लोगों ने उसे भरोसा दिलाया वह लोग उसका व उसकी बहन का एमबीबीएस में प्रवेश करा देंगे।
इसमें करीब 40 लाख रुपये खर्च आएगा। तब उसके परिजनों ने मना कर दिया। इस पर इन लोगों ने बताया कि उनकी मिनिस्ट्री में बात हो गई है, तुम दोनों का प्रवेश 44 लाख में हो जाएगा। डॉक्टर की बातों पर विश्वास करते हुए अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस के माध्यम से उनके बताए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए।
15 लाख रुपये काशीपुर स्थित एक होटल में नकद दे दिए। पीड़ित ने बताया वर्ष 2021 में जब उसने परीक्षा दी तो उसका नंबर नहीं आया। पूछने पर बताया गया कि रुपये कम हैं, तुम्हारा नंबर आ जाएगा। इस संबंध में मंत्रालय में बात हो गई है।
इसके कुछ समय बाद डॉक्टर ने बताया उनका नंबर आ गया है और एम्स ऋषिकेस का ज्वाइनिंग लेटर व कार्ड दे दिया। जब वह एम्स गया तो पता चला यह फर्जी है। इसके बाद उसके परिजनों ने डॉक्टर व उसके साथियों से रुपये वापस मांगे तो टाल-मटोल करने लगे। बाद में कहने लगे हमने रुपये मिनिस्ट्री में दे दिए हैं। साथ ही धमकी दी यदि कोई कानूनी कार्रवाई की तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।