गदरपुर। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान समिति की ओर से आयोजित 10 दिवसीय उत्तरायणी कौतिक मेला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से संपन्न हो गया। रविवार को कौतिक मेले के आखिरी दिन लोक गायक गजेंद्र राणा, माया उपाध्याय, नवीन पाठक और रितेश जोशी के गीतों पर श्रोता झूम उठे। उनके गाए गीतों बाजे मुरुली, लीला घसियारी, चांदी का बटना और छौरी छलाया ने मेले में चार चांद लगा दिए।
हास्य व्यंग्य के कलाकार आनंद बल्लभ भट्ट ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को दिल खोलकर हंसने पर मजबूर कर दिया। लोक गायक नवीन पाठक ने ओ... नंदा सुनंदा गीत की प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गजेंद्र राणा ने मां नंदा राजजात की डोली की प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
इससे पूर्व पार्वती समाज की सुहागिन महिलाओं ने सरकारी बाग स्थित मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा सिनेमा रोड से मुख्य बाजार होते हुए जीआईसी परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। समिति की ओर से कार्यक्रम में पहुंची एसडीएम बाजपुर अमृता शर्मा, विधायक अरविंद पांडेय, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, प्रियांशी राज सिंह और डॉ. किशोर जोशी आदि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इसकी अध्यक्षता बीडीओ शेखर जोशी ने की और संचालन नवल प्रभात और बलवंत सिंह ने किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष रविंद्र आर्य, चंदन सिंह नयाल, अनिल सिंह, लाल मोहम्मद, सुशीला मेहता बिष्ट, अनीता राज सिंह, चम्पा पांडेय आदि मौजूद रहे।