रुद्रपुर। ईदगाह बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एकत्र लोगों ने ईदगाह की जमीन मुक्त करने की मांग को लेकर उपवास किया। ईदगाह की जमीन को तत्काल खाली कर मुस्लिम समुदाय को हस्तगत करने की मांग की।
उपवास कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व सांसद प्रतिनिधि संचालन साजिद खान ने कहा कि नगर निगम और प्रशासन ने बीते सात दिसंबर को ईदगाह के मैदान में अन्याय पूर्ण तरीके से कब्जा कर बंद कर दिया। ऐसा करने से पहले पीड़ित मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों , इदगाह, मदरसे, मस्जिद, कब्रिस्तान और करबला, मजार आदि संस्थाओं के प्रमुखों से राय मशविरा तक नहीं किया गया। वहां पर बारात घर भी है। लोग अपनी बहन-बेटियों का विवाह कार्यक्रम कहां करेंगे।
पार्षद परवेज कुरैशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने कहा कि वहां स्थित स्कूल, मदरसा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और क्षेत्र के बच्चों का खेल का मैदान छिन गया है।
ईदगाह कमेटी के सदर वाहिद मियां की अध्यक्षता में हुए उपवास में कैलाश भट्ट, शिवदेव सिंह राजेश तिवारी, सुनीता, रविंदर कौर, पूर्व सभासद सलीम अहमद, नूर अहमद आदि मौजूद थे।