शक्तिफार्म में चड़क पूजा में करतब दिखाते सन्यासी।
- फोटो : SITARGANJ
शाक्तिफार्म। सुरेंद्रनगर स्थित बाबा तारकेश्वर धाम व बैकुंठपुर स्थित शिव मंदिर में आयोजित चड़क पूजा में कोलकाता से आए चड़क सन्यासियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर हजारों लोगों को अचंभित किया। विधायक सौरभ बहुगुणा ने मंदिर परिसर में सन्यासियों के लिए घाट निर्माण किए जाने की घोषणा की। इस दौरान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
धार्मिक मान्यता एवं परंपरा के अनुसार चैत्र माह के अंतिम दिन शक्तिफार्म क्षेत्र के सुरेंद्रनगर व बैकुंठपुर स्थित शिवालयों में लोमहर्षक हैरतअंगेज चड़क पूजा का आयोजन किया गया।
इसके लिए मंदिर परिसर के बीचो-बीच करीब 25 फीट ऊंचे खंभे पर लकड़ी से बड़ी चरखी बनाई गई। सुरेंद्रनगर में कोलकाता से आए चड़क बाबा रतन नंदी की अगुवाई में सन्यासियों ने अपने पेट में लोहे के बड़े- बड़े कांटे चुभोकर चरखे की पूजा की।
इसके बाद चड़क बाबा एवं उनके शिष्यों ने पीठ में लोहे के कांटे चुभा कर एवं जीव भुजाओं में त्रिशूल आर पार कर विशाल चरखी में कांटे के सहारे हवा में झूल कर लोगों को अचंभित किया। चड़क बाबा ने इस धार्मिक कर्मकांड के दौरान अनेकों हैरतअंगेज करतब को अंजाम दिया। इस दौरान आयोजन समिति अध्यक्ष रंजीत हालदार, नगर पंचायत चेयरमैन सुकांत ब्रह्म, संभु साना, परेश मंडल, सुशांत राय, संजीत विश्वास, मुकुल पोद्दार, गोविंद सरकार आदि मौजूद थे।