काशीपुर। एसआईआर कार्य पूरा होने के बाद अब जनगणना की तैयारी होने लगी है। 25 जुलाई से 24 अगस्त तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के लिए ग्राम निर्देशिका और शहर निर्देशिका आंकड़ों का संकलन एवं संचयन कार्य प्रस्तावित है। 25 सितंबर से 24 अक्तूबर तक आंकड़ों का सत्यापन किया जाएगा।
निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने पत्र जारी कर बताया कि जनगणना 2027 के तहत आंकड़े एकत्र करने का कार्य डिजिटल के माध्यम से एप पर किया जाएगा। 10 से 23 जुलाई तक क्षेत्र पदाधिकारियों काे प्रशिक्षण दिया जाएगा। 25 जुलाई से 24 अगस्त तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका फील्ड का कार्य होगा। 25 अगस्त से 24 सितंबर तक चार्ज अधिकारी आंकड़ों का सत्यापन करेंगे। 25 सितंबर से 24 अक्तूबर तक आंकड़ों का सत्यापन होगा।
जनगणना कार्य में लगे चार्ज अधिकारी के सहायक राहुल कौशिक ने बताया कि क्षेत्र पदाधिकारियों को प्राथमिक विद्यालय, पॉलीटेक्निक, शैक्षणिक संस्थान, दिव्यांग विद्यालय, कौशल विकास केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सकालय, ट्यूबवेल, शौचालय, डाकघर, टेलीफोन, इंटरनेट, निजी एवं प्राइवेट बस सेवा, बैंक, कृषि ऋण समिति, स्वयं सहायता समूह, सार्वजनिक पुस्तकालय, श्मशान घाट, स्पोर्टस क्लब, बिजलीघर, गैर कृषि क्षेत्र आदि की गणना करके डाटा एकत्र किया जाना है।
कोट
ग्राम निर्देशिका और शहर निर्देशिका आंकड़ों का संकलन एवं संचयन कार्य के लिए सीमित कार्मिकों की आवश्यक होगी। अभी इस संबंध में गाइडलाइन नहीं आई है। उसी के आधार कार्मिक चयनित किए जाएंगे।
पंकज चंदोला, तहसीलदार, काशीपुर