रुद्रपुर। जनता को पुलिस थानों, रिपोर्टिंग चौकियों और कोतवाली में दर्ज होने वाली एफआईआर की सूचना देने के लिए बनाया गया सीसीटीएनएस पोर्टल एक सप्ताह से ठप है। इस कारण लोगों को एफआईआर से संबंधित जानकारियां नहीं मिल पा रही हैं।
पुलिस विभाग ने जनता की सुविधा के लिए लगभग दो साल पहले सीसीटीएनएस पोर्टल (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) बनाया था। इससे लोगों को प्रदेश भर के थानों में दर्ज होने वाली एफआईआर की जानकारी आसानी से मिल जाती थी। इसके अलावा एफआईआर का पीडीएफ प्रिंट आउट भी सीसीटीएनएस के माध्यम से निकाला जा सकता था लेकिन पिछले एक सप्ताह से यह पूरी तरह से ठप पड़ा है।
पुलिस थानों में मौजूद मुंशी और अन्य पुलिस कर्मचारी एफआईआर की संपूर्ण जानकारी आसानी से नहीं देते हैं जिस कारण लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। सीसीटीएनएस पोर्टल ठप होने से पुलिस थानों के भी कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में डीआईजी नीलेश आनंद भरणे का कहना है कि तकनीकी दिक्क्तों के चलते पोर्टल प्रभावित हुआ है जिसे दुरुस्त कराया जा रहा है।