इंदिरा कालोनी में हुई चोरी की जानकारी देता पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
्रशहर में चोरों का आतंक थम नहीं रहा है। चोरों ने बुधवार को इंदिरा कालोनी में दिनदहाड़े एक मकान में घुसकर लैपटॉप मोबाइल और साढ़े चार हजार की नगदी पार कर दी। वहीं ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की आजाद नगर बस्ती में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़ हजारों की नगदी, जेवरात सहित अन्य सामान उड़ा लिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हल्दी राम कंपनी में कार्यरत अमित कुमार इंदिरा कालोनी गली नंबर छह में सनप्रीत सिंह के मकान में किरायेदार के रूप में रहता है। अमित कुमार ने बताया कि वह बुधवार सुबह सवा आठ बजे नहाने के लिए बाथरूम में गया था। इसी दौरान चोर ने कमरे में घुसकर वहां रखा लैपटॉप, मोबाइल और 4500 की नगदी उठा ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
वहीं मोहल्ला आजाद नगर निवासी संध्या गुप्ता कुछ दिनों से परिवार के साथ मायके गई थी। संध्या के पिता नंदकिशोर बुधवार को यहां पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अलमारी से पांच हजार नगदी, चांदी की एक जोड़ी पायल, सोने के कुंडल सहित घर का अन्य सामान गायब था। नंद किशोर के मुताबिक चोर नगदी जेवर सहित गैस सिलेंडर भी उड़ा ले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।