काशीपुर। सड़क हादसे में डांस एकेडमी संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जसपुर खुर्द एसडीएम कोर्ट के पास के रहने वाले राहुल सिंह थापा ने आईटीआई थाने में तहरीर सौंपी। इसमें कहा कि 12 अक्तूबर की रात लगभग 10 बजे उसका भाई संजू थापा अपनी बाइक पर चैती तिराहा कुंडेश्वरी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने भाई को जोरदार टक्कर मार दी थी।
टक्कर लगने से उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।