काशीपुर। हनुमान नगर निवासी स्कूल संचालक और उनके बेटे को बंधक बनाकर करीब 40 लाख से अधिक जेवरात व 10 हजार की नकदी लूटपाट के मामले में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कई स्थानों पर दबिश देने के बाद भी पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
19 दिसंबर की देर रात लगभग एक बजे नकाबपोश बदमाशों ने दढि़याल रोड स्थित हनुमान नगर निवासी स्कूल संचालक के घर में घुसकर डकैती की थी। अलमारियों की चाबी नहीं देने पर यशपाल सिंह चौहान व उनके बेटे हिमांग को मारपीट कर घायल कर दिया था। घटना के संबंध में स्कूल संचालक यशपाल सिंह चौहान ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसपी अभय सिंह ने बताया कि लुटेरों की तलाश के लिए बनाई गईं अलग-अलग टीम मामले की जांच में जुटी हैं। उन्होंने महत्वपूर्ण सुराग मिलने का दावा करते हुए कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तारी कर लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे खंगालने के दौरान एक बाइक पर पांच लुटेरे भागते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस उनके हुलिये के आधार पर भी जांच कर रही है। संवाद
पीड़ित के घर लगा रहा लोगों का तांता
काशीपुर। स्कूल संचालक यशपाल सिंह चौहान के घर बीते दिन हुई डकैती के बाद बृहस्पतिवार को रिश्तेदार व परिचितों का तांता लगा रहा। आसपास रहने वाले लोगों ने घर पहुंचकर चौहान परिवार का हाल जाना। वहीं मेरठ में रहने वाली दोनों बेटियों ने भी पिता, भाई व मां की कुशलक्षेम जानीं। पुलिस ने भी दूसरे दिन घर पहुंचकर घटना के संबंध में छानबीन की। यशपाल चौहान ने स्वयं एसपी कार्यालय पहुंच कर अपने बयान दर्ज कराए।
कालोनीवासी देर रात तक जागकर कर रहे निगरानी
काशीपुर। स्कूल संचालक यशपाल सिंह चौहान के घर पड़ी डकैती के बाद कालोनी में दहशत का माहौल है। स्थिति यह रही कि कालोनीवासियों ने बीती रात करीब तीन बजे तक जागकर खुद ही सुरक्षा को लेकर निगरानी की। कालोनी में करीब बीस परिवार रहते हैं। स्कूल संचालक के यहां हुई वारदात के बाद अब कालोनी में चौकीदार रखने की तैयारी की जा रही है।
बंद घर से लाखों की चोरी का नहीं लगा कोई सुराग
काशीपुर। बंद घर से हुई लाखों की चोरी की घटना का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। हनुमान नगर निवासी हरिओम सिंह उर्फ दीपू पुत्र विजय सिंह ने टांडा उज्जैन पुलिस चौकी में तहरीर सौंपी थी। जिसमें कहा गया कि उसके मकान में वह और उनका एक किरायेदार पवन चौहान पुत्र कृपाल सिंह रहते हैं। बीती 16 दिसंबर को दोनों के परिवार के सदस्य घर बंद करके अपने घर गए हुए थे। 17 दिसंबर की रात को चोरों ने उनके घर में ममटी से घुसकर दोनों के घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। 18 दिसंबर की सुबह घर के पास रहने वालों ने उन्हें फोन करके घटना की जानकारी दी। हरिओम सिंह के कमरे से चोर दो सोने की अंगूठी, सोने का मंगल सूत्र व एक पांच कंठी वाला सोने का मंगल सूत्र व एलईडी और पवन चौहान के कमरे से 20 हजार की नकदी चुरा ले गए। पीड़ित हरिओम सिंह ने पुलिस में तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। खास बात यह है कि पुलिस तहरीर लेकर बिना मुकदमा दर्ज किए ही चोरों को तलाशने का दावा करती रही और इस बीच 19 दिसंबर की रात दीपू चौहान के घर से महज सौ मीटर की दूरी पर स्थित स्कूल संचालक यशपाल चौहान के घर में डकैती डालकर हथियारबंद लुटेरे करीब 40 लाख से ज्यादा के जेवर और नगदी लूट ले गए। संवाद