जानबूझकर उनकी कार को टक्कर मारने का आरोप
रुद्रपुर। सड़क हादसे में जख्मी दरोगा ने स्काॅर्पियो कार सवार युवकों पर केस दर्ज कराया है। आरोप है कि शराब के नशे में युवकों ने उन पर भद्दे इशारे किए और जानबूझकर उनकी कार में टक्कर मारी। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
कोतवाली में दर्ज कराए केस में एसआई प्रियांशु जोशी ने कहा है कि वह कोतवाली रुद्रपुर की रम्पुरा चौकी में तैनात हैं। छह सितंबर की रात वे ड्यूटी खत्म कर निजी कार से अपने घर सामिया लेक सिटी की तरफ जा रहे थे। इंदिरा चौक से थोड़ा आगे काले रंग की स्काॅर्पियो कार संख्या एचआर 13-एन-1399 सड़क पर काफी लहराकर चल रही थी। कार में पांच से छह युवक बैठे थे और शराब पी रहे थे।
उन्होंने युवकों को कार में शराब पीने पर टोकते हुए सही से गाड़ी चलाने की नसीहत दी थी। इस पर युवक उग्र हो गए और उन पर गलत टिप्पणी की और दो युवकों ने उन पर अश्लील इशारे किए। इस पर उन्होंने कार को साइड में खड़ा कर पुलिस थाने में सूचना दी। वे गाड़ी से सामिया लेक सिटी की तरफ चल दिए।
गाबा चौक के पास पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से अपनी स्काॅर्पियो से उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। इसमें उनकी कार तीन पलटी खाकर सड़क की दूसरी तरफ जा गिरी और वह बेहोश गए। गाड़ी के एयरबैग खुलने से उनकी जान बच पाई। उनकी गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए। उनका निजी अस्पताल में इलाज चला और चिकित्सक ने उनको बेड रेस्ट की सलाह दी।