खटीमा में पुलिस से मिलते सिख समाज के लोग
- फोटो : अमर उजाला
यहां धर्मांतरण की कोशिश का मामला तूल पकड़ने लगा है। पुलिस ने पादरी जगदीश गिल को शांतिभंग की आशंका के चलते 151 के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। वनगवां निवासी इकबाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कोतवाली परिसर में एकत्रित सिख समाज ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी तहरीर के अनुरूप मुकदमा दर्ज करने के बजाय मामूली धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने सिख समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर ईसाई समाज के लोगों ने कहा कि धर्म परिवर्तन का दबाव पादरी नहीं बल्कि सिख संगत दबाव डाल रहा है। आरोप लगाया कि इस प्रकरण में जानबूझ कर एक पक्ष का उत्पीड़न किया जा रहा है।
पास्टर दान सिंह राणा के नेतृत्व में एकत्रित वनगवां पोलीगंज, मोहम्मदपुर भुड़िया सहित अन्य ग्रामों से आए मिशनरी समर्थकों ने तहसील में जमकर हंगामा काटा। उन्होंने एसडीएम ऋचा सिंह को ज्ञापन सौंपकर जगदीश गिल के विरुद्ध हुई कार्रवाई को इकतरफा बताया। एसडीएम सिंह के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।