एक महिला ने सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स के दो अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पूरी रकम चुकाने के बाद भी प्लाट नहीं दिए जा रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दी तहरीर में रामेश्वरी निवासी डीडीए फ्लेट्स मानसरोवर पार्क शाहदरा दिल्ली ने कहा उसने जनवरी-2012 में सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स सेक्टर 63 नोयडा गौतमबुद्ध नगर यूपी से दो प्लाट गुलमोहर-3 लेक सिटी रुद्रपुर में बुक कराए थे। प्लाट बुक कराते हुए चेक के माध्यम से पांच लाख नब्बे हजार रुपये की रकम का भुगतान कर दिया था।
भुगतान करने के बाद वह जब भी प्लाटों की रजिस्ट्री और कब्जा लेने आई, तब लेक सिटी के अधिकारी संदीप नागर और सगीर खान ने बहाना बनाकर टालमटोली कर दी। आरोप है कि जिन नंबरों के प्लाट के पैसे उनसे लिए गए, उन नंबरों के प्लाट वहां मौजूद नहीं हैं। दोनों ने जालसाजी कर प्लाट आवंटन और नो ड्यूज लेटर भी इन्हीं प्लाटों का जारी किया है।
सौदे के छह महीने के भीतर प्लाट को मेरे हैंडओवर करने का वादा किया था, जो झूठा निकला है। उन्होंने धोखाधड़ी करने वाले दोनों आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करने और रजिस्ट्री के साथ प्लाट पर कब्जा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सामिया ग्रुप के एचओडी मार्केटिंग सगीर खान का कहना है कि किसी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं है। पिछले दिनों रियल स्टेट मार्केट डाउन होने की वजह से कुछ विलंब हुआ है। रामेश्वरी जब चाहे अपने प्लाट की रजिस्ट्री करा सकती हैं। उन्होंने जितनी राशि दी थी, वह सुरक्षित है।