रंजिश में सिटी क्लब के बाहर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग से चार लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों में एक पार्षद भी शामिल है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने कुछ और लोगों को भी चिह्नित किया है।
सिटी क्लब के बाहर दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को सिटी क्लब के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। फुटेज में दोनों पक्ष के लोगों की ओर से एक-दूसरे की कार को टक्कर मारने और हथियार लहराने की पुष्टि हुई है। साथ ही फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ और लोगों को भी चिह्नित किया है।
बाजार चौकी पुलिस पर भी उठे सवाल
शनिवार देर रात हुई बाजार चौकी से महज कुछ दूरी पर बदमाश 10 मिनट तक तांडव मचाते रहे। साथ ही बदमाशों ने फायरिंग से दहशत भी फैलाई लेकिन चौकी पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। पास में ही स्थित दमकल विभाग के कार्यालय से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही गोलीकांड को अंजाम दे दिया गया।
गैंगवार रोकने को बदमाशों पर रासुका लगाने की तैयारी में पुलिस
रुद्रपुर। सिटी क्लब के बाहर शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई गैंगवार को भविष्य में रोकने के लिए पुलिस अब गैंगवार में शामिल बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, रासुका के तहत भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार गैंगवार में शामिल कुछ लोगों का जिले में आपराधिक इतिहास है। बाहरी जिलों में भी इनका आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है।
रुद्रपुर शहर में गैंगवार की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी शहर में बीते दो वर्षों में सात बार बदमाशों के बीच गैंगवार हो चुकी है। शनिवार की गैंगवार से पहले 2017 में भदईपुरा, आदर्श कॉलोनी और दुधियामंदिर में, 2018 में फिर भदईपुरा में इसके बाद कुछ दिन पूर्व निकाय चुनाव से ठीक पहले ट्रांजिट कैंप शिवनगर में, इसके बाद प्रीत विहार मो़ड पर और कुछ दिन पूर्व गांधी कॉलोनी में दो पक्षों के बीच गैंगवार हुई।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार शनिवार को हुई गैंगवार में शामिल बंटी चंद्र और मनप्रीत उर्फ लक्की के खिलाफ पूर्व में धारा 302, आकाश यादव और प्रवीण यादव के खिलाफ धारा 307 और अनिल कोली के खिलाफ गुंडा एक्ट के साथ ही हिस्ट्रीशीटर का मुकदमा कायम है। उक्त आपराधिक इतिहास को देखते हुए अब पुलिस इनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) लगाने की भी तैयारी की जा रही है। साथ ही गोलीकांड में शामिल अन्य का भी आपराधिक इतिहास भी पुलिस खंगाल रही है। संगीन धाराएं होने पर पुलिस इन्हें भी रासुका में शामिल करेगी।
शनिवार रात सिटी क्लब के बाहर हुई फायरिंग कर दहशत फैैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए इनके खिलाफ गैंगस्टर के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
- एसपी सिटी देवेंद्र पींचा।
दिन से चल रही थी गैंगवार की तैयारी
शनिवार को सिटी क्लब के बाहर हुई गैंगवार की तैयारी दिन से ही चल रही थी। बताया जा रहा है कि शनिवार दिन में जहां आकाश यादव और उसके साथियों की ओर से सोफ्ती होटल के बाहर अनिल कोली की कार का शीशा तोड़ा गया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच फोन पर एक-दूसरे को धमकी दी गई और आमना-सामना करने के लिए जगह भी चुनी गई। दिन में ही एक पक्ष शिकायत लेकर कोतवाली भी पहुुंचा लेकिन पुलिस के तहरीर मांगने पर तहरीर नहीं सौंपी गई और दिनभर की तैयारी के बाद देर रात को दोनों पक्ष ने फायरिंग कर गैंगवार को अंजाम दिया।