आरटीपीसीआर जांच के साथ ही कोराना वैक्सीन लगवाने के लिए बुजुर्ग लोगों को भी घंटों लाइनों में लगना पड़ रहा है। पंजीकरण में देरी और थकान के कारण कई बुजुर्ग बगैर टीका लगवाए ही वापस लौट रहे हैं।
मंगलवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित टीकाकरण केंद्र पर टीकाकरण से पहले कोविन पोर्टल में पंजीकरण के लिए अधेड़ व बुजुर्ग लोगों को कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ा। कई बुजुर्ग लोग घंटों में लाइन में खड़े रहने के बाद थककर जमीन पर ही बैठ गए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना था कि पोर्टल का सर्वर डाउन होने के कारण पंजीकरण में देर लगी। वहीं लाइन में लगे कुछ लोगों ने बताया कि वह पहले भी पंजीकरण के लिए पहुंचे थे लेकिन नंबर नहीं आने के कारण वे लौट गए थे। अब दोबारा पंजीकरण के लिए पहुंचने पर भी पहले वाली परिस्थितियां नजर आ रही हैं। उन्होंने पंजीकरण काउंटर पर तैैनात कर्मचारियों पर बुजुर्ग लोगों के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाने और स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है जिला अस्पताल
रुद्रपुर। कोरोना काल में जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी नई मुसीबत बन चुकी है। अस्पताल के चार डॉक्टरों की ड्यूटी कुंभ मेले में लगी है। जबकि दो विशेषज्ञ डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव आने के कारण होम आइसोलेशन में हैं। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी रहे एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना को भी कुंभ मेला ड्यूटी में भेजा गया है। जिला अस्पताल में वर्तमान में 24 में से करीब 18 डॉक्टर ही ड्यूटी कर रहे हैं। जबकि कोरोना के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। डॉक्टरों की कमी के कारण कोरोना पॉजिटिव मरीजों की भी उचित देखभाल नहीं हो पा रही है। कोविड अस्पताल में 37 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती होने के साथ ही जिले में कोरोना के 332 एक्टिव केस हैं। (संवाद)
डॉ. अजयवीर व गौरव को होम आइसोलेशन की जिम्मेदारी
रुद्रपुर। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद संक्रमितों को दवा किट व होम आइसोलेशन करवाने की जिम्मेदारी जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अजयवीर सिंह चौहान और फिजीशियन डॉ. गौरव अग्रवाल को सौंपी गई है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस सामंत ने बताया कि रुद्रपुर ब्लॉक के कोरोना संक्रमितों को होम आइसोलेशन और भर्ती करवाने की जिम्मेदारी के लिए डॉक्टरों की दो सदस्यीय टीम गठित कर दी है। टीम के पास एक चालक और एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। (संवाद)
डॉ. अजयवीर चौहान।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर में पंजीकरण के लिए लगी लाइन के दौरान थककर जमीन पर बैठे बुजुर्ग।- फोटो : RUDRAPUR