प्रतापपुर से गदरपुर जा रही कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकराने से सेल्स ऑफिसर की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झंडेवाला चौराहा मोहल्ला मोहतसीन खाननगर पीलीभीत निवासी ओम नारायण (34) पुत्र वीर बहादुर शर्मा कृषि रसायन एग्रो एक्सपोर्ट कंपनी में सेल्स ऑफिसर था। शुक्रवार की सुबह वह अपनी आल्टो 800 कार से प्रतापपुर से गदरपुर जा रहा था। ग्राम भीमनगर के पास उसकी कार सड़क किनारे एक टूटी पुलिया से टकरा गई। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल होकर बेहोश हो गया।
कुंडेश्वरी जा रहे भीमनगर के उप प्रधान मनमोहन जोशी अपनी कार से घायल ओम नारायण को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले आए। अस्पताल में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ओम नारायण की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है। हादसे की सूचना पर पीएम हाउस पहुंचे मृतक पिता वीर बहादुर ने बताया कि ओम नारायण बीते चार साल से जसपुर खुर्द में एक किराये के मकान में किराए पर रहता था। उसने बीते अप्रैल में कंपनी ज्वाइन की थी।
ओम नारायण शर्मा तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसका एक भाई प्राइवेट कंपनी में एमआर है। तीसरा भाई सैफई यूपी स्थित कॉलेज में प्रोफेसर है। मृतक का एक बेटा अर्जुन (5) और बेटी श्रीता (1) है। वह अपनी पत्नी मंजू और बच्चों के साथ किराए पर रहता था। हादसे के कई घंटे के बाद ओम नारायण की पत्नी मंजू को सूचना देकर पीएम हाउस बुलाया गया।