फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगला में पिस्तौल के बल पर नकदी और कार लूटी

विज्ञापन
पीड़ित कार चालक महेंद्र प्रताप सिंह। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
सवारियों को बागेश्वर छोड़कर लौट रहे कार मालिक से नगला में तीन युवकों ने पिस्तौल के बल पर नकदी, मोबाइल समेत कार लूट ली। इस दौरान लुटेरों ने चालक से मारपीट भी की और उसे सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। सूचना पर पंतनगर पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को लुटेरों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। मंगलवार को घटना का खुलासा किया जा सकता है।
विज्ञापन

राजेंद्र नगर बरेली (यूपी) निवासी महेंद्र प्रताप सिंह अपनी कार (यूपी 25 सीक्यू 7353) को किराए पर चलाकर परिवार का पालन पोषण करता है। महेंद्र ने बताया कि उसके एक मित्र की शादी कुछ दिन पूर्व ही हुई थी। रविवार सुबह छह बजे वह अपने उस मित्र और उसकी पत्नी को छोड़ने बागेश्वर गए था। वह इन लोगों को बागेश्वर में छोड़कर शाम पांच बजे अल्मोड़ा होते हुए बरेली लौट रहा था। सफर की थकान और देर हो जाने के कारण वह रात करीब 10:30 बजे नगला बाईपास स्थित लोहनी ढाबे के सामने कार खड़ी कर कुछ देर आराम करने लगा तो उसे नींद आ गई। इस दौरान उसने हवा के लिए कार के शीशे कुछ नीचे कर रखे थे।
रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक तीन युवक कार के अंदर आ गए और उससे मारपीट करते हुए ढाई हजार रुपये और स्मार्ट फोन छीन लिया। इन युवकों में एक के पास देसी कट्टा और एक के पास रिवाल्वर थी। यह लोग उससे मारपीट करते हुए पुलभट्टा तक ले गए और निर्माणाधीन पुल के पास उसकी ही शर्ट से उसे बांधकर खंती (गड्ढे) में फेंकने लगे। उनके शोर मचाने पर बदमाशों ने मुंह बंद कर वापस उसे गाड़ी में डाल लिया और गाड़ी वापस नगला ले आए।
विज्ञापन

यहां इंदिरा कॉलोनी बाईपास पर इन लोगों ने उसे सड़क किनारे धकेल दिया और कार लेकर किच्छा की ओर भाग गए। रात करीब एक बजे वहां से गश्त से गुजर रहे वन कर्मियों से उसने थाने तक पहुंचाने की गुहार लगाई। इसके बाद ये कर्मी उसे बाइक में बैठाकर थाने ले ही जा रहे थे कि पुलिस की गश्ती जीप आ गई। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि कार लूट की घटना हुई है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
कार लूट के खुलासे में जुटी कई टीमें
पंतनगर। कार लूट की जानकारी मिलने के बाद गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एसपी सिटी ममता बोहरा, सीओ पंतनगर आशीष भारद्वाज और एसआई सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने पीड़ित के साथ पुलभट्टा सहित नगला में घटनास्थलों का मुआयना किया। पुलिस पूरी रात क्षेत्र की नाकेबंदी करवाकर कार और लुटेरों की तलाश में जुटी रही लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी। सीओ आशीष भारद्वाज ने बताया कि इस लूट के खुलासे के लिए एसपी सिटी के निर्देश पर पंतनगर थाने की टीम के अलावा एसओजी और सितारगंज पुलिस की दो टीमों को भी लगाया गया है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें