गदरपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की पीपल पड़ाव रेंज की टीम ने रविवार तड़के खैर की लकड़ी से भरा एक कैंटर जब्त किया है। टीम के पहुंचने से पहले ही लकड़ी माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
वन क्षेत्राधिकारी पूरन चंद्र जोशी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की एसओजी टीम के प्रभारी कैलाश चंद तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ महतोष पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित राधे हरि सीड प्लांट के पास कैंटर को पकड़ लिया। इस बीच पीपल पड़ाव रेंज के वन क्षेत्राधिकारी पूरन चंद्र जोशी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में कैंटर के भीतर करीब डेढ़ सौ क्विंटल खैर की लकड़ी पाई गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये कीमत बताई है।
उन्होंने बताया कि खैर की लकड़ी अवैध रूप से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। कहा कि मामले में सीड प्लांट के मालिक के खिलाफ भी वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।