बाजपुर। सिखों के आठवें गुरु श्री हरकृष्ण राय जी के गुरतागद्दी दिवस को समर्पित एक दिवसीय धार्मिक समागम मंगलवार को गांव गजरौला स्थित गुुरुद्वारा नानकसर ठाठ में आयोजित किया गया। पंजाब से आए अंतरराष्ट्रीय सिख प्रचारक बाबा बंता सिंह ने इसमें कहा कि गुरुओं का जीवन चरित्र सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और जुर्म के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा की गुरबाणी की शिक्षा पर चलकर ही लोक कल्याणकारी और आध्यात्मिकता से परिपक्व समाज का निर्माण किया जा सकता है। भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति और महान अतीत से जोड़े रखने के लिए धार्मिक समागम और गुरुओं की शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया जाना बेहद जरूरी है।
समागम में बाबा अमरजीत सिंह ग़ालिब खुर्द, रागी कुलदीप सिंह, बाबा महवा सिंह, भाई राजेंद्र सिंह सहित पंथ के प्रसिद्ध जत्थों ने गुरबाणी का गुणगान किया। गुरुद्वारे के मुख्य सेवादार बाबा प्रताप सिंह ने सभी जत्थों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कथावाचक हरपाल सिंह खालसा ने संचालन किया। समागम में गदरपुर के विधायक अरविंद पांडेय, जगतार बाजवा, हरजिंदर गिल, प्रताप सिंह सिद्धू, दलजीत सिंह रंधावा, करम सिंह, विक्की रंधावा, प्रभुशरण सिंह सहित दूरदराज से संगत पहुंची।