अलविदा रुद्रपुर... अब चार साल बाद फिर राज्य ओलंपिक खेलों में नए आयोजन स्थल पर मिलेंगे। डीएम नीरज खैरवाल ने ओलंपिक ध्वज आयोजन समिति को सौंपकर राज्य ओलंपिक खेलों के औपचारिक समापन की घोषणा की। चार दिन तक चले राज्य ओलंपिक खेलों में देहरादून के खिलाडिय़ों ने अपना दबदबा कायम रखा।
रुद्रपुर में 10 नवंबर से राज्य ओलंपिक खेलों का शुभारंभ हुआ था। इसमें चार दिन तक 25 खेलों का आयोजन किया गया। वॉटर गेम्स हरिपुरा जलाशय गूलरभोज, तैराकी हल्द्वानी तरणताल, काशीपुर में घुड़सवारी, नैनीताल में शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। चतुर्थ राज्य ओलंपिक खेलों में चार दिनों में राज्य की राजधानी देहरादून के खिलाडिय़ों ने अपनी छाप छोड़ी। तैराकी, फुटबाल, हैंडबाल, तलवारबाजी और वुशु में देहरादून के खिलाडिय़ों ने अपनी धाक जमाई।
हरिद्वार की टीम ने भी खो-खो हाकी और वॉलीबाल प्रतियोगिताओं में अपनी बेहतरीन उपस्थिति दर्ज कराई। कुमाऊं के नैनीताल ने तैराकी, अल्मोड़ा ने बैैडमिंटन, ऊधमसिंह नगर ने दौड़ और बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीता। बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ के खिलाडिय़ों ने भी अच्छे प्रदर्शन से दिल जीता।