दशहरे मेले की तैयारियों को रामलीला कमेटी और रामलीला नाटक क्लब ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस बार शहरवासियों को अभी तक के सबसे बड़ा रावण का पुतला देखने को मिलेगा।
इस वर्ष रावण की पुतले की लंबाई बढ़ा कर 75 फीट कर दी है। रुद्रपुर में अब तक अधिकतम 60 फीट तक का रावण का पुतला बनता था।
बृहस्पतिवार शाम 6 बजे प्रशासन की देखरेख में भारी आतिशबाजी के साथ रावण, कुंभकरण, मेघनाद के पुतले का दहन होगा।
बुधवार को दशहरे मेले के लिए गांधी पार्क में भव्य तैयारियां की गई है। सुबह से ही गांधी पार्क में बेरीकेटिंग निर्माण का कार्य चलता रहा।
साथ ही मंच, वीआईपी दीर्घा का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है। रावण, मेघनाद, कुंभकरण के पुतलों को कारीगरों ने अंतिम रूप दिया।
सुबह इनमें आतिशबाजी का सामान लगाकर खड़ा किया जाएगा। रामलीला कमेटी और राम नाटक क्लब के पदाधिकारी दिनभर दशहरे मेले की तैयारियों में लगे रहे।
मेले के लिए गांधी पार्क को भव्य रूप से सजाया गया है। बृहस्पतिवार को सांय पांच बजे राम और रावण युद्ध पांच मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए गांधी पार्क में पहुंचेगा।
जहां रावण के वध के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले का भारी आतिशबाजी के साथ दहन किया जायेगा। इसके बाद श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।
रामनाटक क्लब के महामंत्री ने बताया कि इस बार रावण के पुतले की लंबाई बढ़ा कर 60 फीट से 75 फीट कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस बार पिछले बार की तुलना में भव्य आतिशबाजी के साथ मेले का आयोजन भी किया जाएगा।