राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज में अध्यक्ष पद पर उप चुनाव कराया जाएगा। महाविद्यालय में शिकायत एवं निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. एमसी आर्य ने बताया कि उपचुनाव कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
अध्यक्ष पद की दावेदार राजविंदर कौर ने गलत तरीके से उसका नामांकन निरस्त करने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले को महाविद्यालय के शिकायत एवं निवारण प्रकोष्ठ के पास भेज दिया था। राजविंदर कौर ने बताया कि इस साल हुए पंचायत चुनाव में वह गांव सिसौना में वार्ड नंबर 13 से निर्विरोध सदस्य चुनीं गई थीं। छात्रसंघ चुनाव में नामांकन करने से पहले उसने बीडीओ कार्यालय में अपना इस्तीफा दे दिया था।
बताया कि छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचन अधिकारी ने इसी को आधार बताते हुए उसका नामांकन निरस्त किया था। साथ ही गौरव सिंह फर्त्याल को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया था। उसने बताया कि इस संबंध में उसने 26 सितंबर को हाईकोर्ट रिट याचिका दायर की थी। 9 अक्तूबर को हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील की थी। 16 अक्तूबर को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने सुनवाई करते हुए मामले को महाविद्यालय के शिकायत एवं निवारण प्रकोष्ठ के पास भेज दिया था। प्राचार्य डॉ. रेनू रानी बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर शिकायत एवं निवारण प्रकोष्ठ ने अध्यक्ष पद पर मतदान कराने का निर्णय लेकर निर्वाचन अधिकारी को भेज दिया है। निर्वाचन अधिकारी की संतुष्टि के बाद ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। संवाद