गदरपुर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते व्यापारी।
- फोटो : RUDRAPUR
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने नगर में एआरटीओ की चेकिंग पर कड़ी आपत्ति जताई। व्यापारियों के विरोध के चलते एआरटीओ ने चेकिंग की कार्रवाई रोक दी। व्यापारियों ने सड़क सहित विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को एआरटीओ बीके सिंह नगर में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक बेहड़ व्यापारियों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने चेकिंग पर नाराजगी जताते हुए नगर के बाहर चेकिंग करने की मांग की। व्यापार मंडल की मांग पर एआरटीओ ने कार्रवाई रोक दी और वहां से चले गए। इसके बाद बेहड़ ने व्यापारियों के साथ तहसील पहुंचकर एसडीएम विवेक प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि नगर के मुख्य मार्ग पर हुए सड़क निर्माण के दौरान कार्यदायी संस्था ने कई स्थानों पर फुटपाथ की टाइल्स को ऊंचा नीचा लगाया है। इससे रोजाना हादसे हो रहे हैं।
इसमें कई लोग बुरी तरह घायल होने के साथही लोग जान भी गंवा चुके हैं। उन्होंने सड़क और फुटपाथ के लेवल को समान करने की मांग की। कहा कि ऐसा नहीं होने पर एक महीने बाद आपसी सहयोग से इसे ठीक कराया जाएगा। उन्होंने अधर में लटके बाईपास के निर्माण को जल्द शुरू कराने के साथ ही थाना परिसर के पास पड़ी खाली जमीन पर सुलभ शौचालय का निर्माण कराने की मांग उठाई।
एसडीएम विवेक प्रकाश ने शीघ्र समस्याओं के निस्तारण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर सड़क और फुटपाथ का लेवल ठीक करने के निर्देश दिए। वहां कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा, विकास तनेजा, मनोज गुंबर, संजीव अरोरा, शुभम ग्रोवर, अंकुर चावला, परमजीत सिंह, शिवम बेहड़ आदि थे।