रुद्रपुर बस स्टैंड में बरेली की बस पर लगी यात्रियों की भीड़।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। दीपावली त्योहार को लेकर रोडवेज बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सबसे अधिक यात्री बरेली रूट के हैं। बरेली के 50 फेरे होने के बाद भी बस स्टैंड में यात्रियों का सैलाब उमड़ा रहा। अन्य रूटों के यात्रियों को बसों का इंतजार भी करना पड़ा। इस दौरान दिल्ली, टनकपुर, हरिद्वार, मेरठ, मुरादाबाद के यात्रियों की भी काफी भीड़ लगी रही।
दीपावली पर्व पर रुद्रपुर रोडवेज बस स्टैंड में बरेली रूट के यात्रियों की इस कदर भीड़ थी कि एक बस आ रही थी और वह तुरंत भरकर वापस जा रही थी। कुछ बसें तो स्टैंड के अंदर आने से पहले ही भर रहीं थीं। इसके बावजूद भी कई यात्रियों को बस में जगह नहीं मिल सकी। इसके अलावा रविवार को शहर से रोडवेज की बस ने टनकपुर के 32, हरिद्वार के 10, मेरठ के दो और दिल्ली के 12 फेरे लगाए। इसके बावजूद देर शाम तक रोडवेज परिसर में यात्रियों की काफी भीड़ रही। बस स्टैंड इंचार्ज ब्रह्मानंद ने बताया कि जैसे ही बसें बाहर से आईँ उन्हें तत्काल दूसरे रूटों के लिए भेजा गया।