हल्द्वानी से काशीपुर जा रही प्राइवेट बस कालाढूंगी के गड़प्पू जंगल के पास नील गाय को बचाने में पेड़ से जाकर टकराई । हादसे में 15 यात्री घायल हो गए। महिला हैड कांस्टेबल सहित चार घायलों को बाजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों का कालाढूंगी, हल्द्वानी के अस्पतालों में इलाज कराया गया है।
खबर मिलते ही घायलों की कुशलक्षेम पूछने के लिए परिजन मौके पर पहुंचे। मामूली रूप से घायल और अन्य यात्री वाहनों से गंतव्य को रवाना हो गए। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। हादसे में बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
शनिवार सुबह पौने दस बजे हल्द्वानी से काशीपुर जा रही प्राइवेट बस संख्या यूए01/ 1945 के सामने कालाढूंगी के गड़प्पू जंगल में अचानक नील गाय आ गई। उसे बचाने में बस सड़क किनारे जाकर झाड़ियों में पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाजपुर कोतवाली के तैनात महिला हैड कांस्टेबल पुष्पा देवी, बाल विकास सुपरवाइजर वंदन गर्ब्याल, सुनील पाठक, यूपी के गांव बिजारखाता रामपुर निवासी निजामुद्दीन, यूपी के गांव धनपुरा रामपुर निवासी शादाब, गांव बरहैनी मंजीत कौर सहित 15 यात्री घायल हो गए। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस ने निजामुद्दीन, शादाब को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल महिला हैड कांस्टेबल पुष्पा देवी को गैस प्रबंधक गोविंद मेहता ने अपनी गाड़ी से सीएचसी भर्ती कराया। खबर मिलते ही बस यूनियन अध्यक्ष नेत्र प्रकाश शर्मा, राजी अग्रवाल सहित कई बस मालिकों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।