चोरों ने दो घर खंगाले, लाखों के जेवर और नकदी चोरी
गदरपुर। क्षेत्र के ग्राम रतनपुरी में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात और नकदी चुरा ली। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों घरों का मौका मुआयना किया। घटनास्थल के पास एक भवन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चार संदिग्धों के साथ ही एक कार कैद हुई है। पुलिसकर्मी संदिग्धों को चिह्नित करने के साथ ही कार के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
ग्राम रतनपुरी निवासी दलीप सिंह रोजाना की तरह शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद परिवार के साथ नए मकान में सो गए थे। इसी बीच आधी रात को चोर दलीप के नए मकान से लगे पुराने मकान में दीवार फांदकर घुस गए और कीमती सामान की तलाश में पूरा सामान बिखेर दिया। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे करीब छह लाख के जेवर और पौने दो लाख की नकदी चोरी चुरा ली।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे दिलीप सिंह का पुत्र अमरीक सिंह जब गांव के गुरुद्वारा में गए तो ग्रंथी भाई राजेंद्र सिंह ने अपने घर में चोरी होने की बात बताई। ग्रंथी ने बताया कि उनके घर से 70 हजार के जेवर और 10 हजार की नकदी चोरी हुई है।
इसके बाद अमरीक ने घर पहुंचकर चोरी की बात अपनी मां महेंद्र कौर को बताई। इसके बाद महेंद्र अपने पुराने मकान में गई तो कमरों के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने कमरों में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा और अलमारी का लॉकर टूटा था। लॉकर में रखे जेवरात और रुपये गायब थे।
ग्रंथी राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के समय वह घर में सो रहे थे। शनिवार की सुबह जब नहाने के लिए जाने लगे तो देखा कि दूसरे कमरे का ताला टूटा हुआ है। जब कमरे में गए तो चोरी होने का पता चला। चोर गुल्लक में रखे करीब साढ़े पांच हजार रुपये भी ले गए। सूचना पर थानाध्यक्ष अरविंद चौधरी ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
घटना स्थल से करीब 60 मीटर दूरी पर बने एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें चार संदिग्ध युवक वा एक कार भी दिख रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।