रुद्रपुर। पिछले दिनों पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और मुठभेड़ के बाद सलाखों के पीछे पहुंचे नशा माफिया नाजिम के घर को ढहाने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। मेयर विकास शर्मा के निर्देश पर निगम की टीम ने आरोपी के घर नोटिस भेजा है।
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है और नगर निगम इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा माफिया न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं बल्कि वे युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधकार में धकेल रहे हैं। नाजिम जैसा अपराधी जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने का दुस्साहस भी किया, ऐसे लोगों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।
मेयर ने कहा कि नगर निगम इससे पूर्व भी कई नशा माफिया के अवैध ठिकानों को जमींदोज कर चुका है और यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने नाजिम के परिजनों को नोटिस देकर 15 दिन का समय देते हुए घर के स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी पक्ष घर की रजिस्ट्री या अन्य पक्के कागजात दिखाने में विफल रहता है तो नगर निगम पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगा।