जसपुर फीकापार किसान सेवा समिति का वार्षिक अधिवेशन
जसपुर। बहुउद्देश्यीय जसपुर फीकापार किसान सेवा सहकारी समिति ने वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया। प्रशासक हेमराज सिंह चौहान ने समिति की उपलब्धियां बताते हुए वर्ष 2024-25 की प्रगति रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। धिकतम दायित्व के लिए अग्रिम 50 करोड़ रुपये एवं 12.35 लाख रुपये के लाभ का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया।
स्वागत मंडप में आयोजित कार्यक्रम में समिति के एमडी अरुण सोलंकी ने बताया कि समिति ने इस वर्ष आठ ग्रामसभाओं में 7.40 करोड़ रुपये का अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण बांटा। इसके अलावा चार कृषि निवेश केंद्रों से 237 लाख रुपयों का कृषि निवेशमुक्त उर्वरक का वितरण और धान खरीद का कार्य भी किया। समिति की ओर जल्द गैस एजेंसी चलाने एवं अन्न भंडारण के लिए वेयरहाउस बनाने की योजना है। मुख्य अतिथि विधायक आदेश सिंह चौहान ने किसानों से समय से ऋण जमा करने का अनुरोध किया। वहां पर एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, जिपं सदस्य सनी पधान, नईम अहमद, चरनजीत सिंह, तीरथ सिंह आदि थे।
जसपुर में खुला प्रदेश का पहला सहकारी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम
जसपुर। किसान अब बाजार से सस्ते दामों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद सकेंगे। उनके लिए फीकापार बहुउद्देशीय सहकारी समिति ने प्रदेश का पहला किसान इलेक्ट्रॉनिक शोरूम खोला है। सोमवार को विधायक आदेश सिंह चौहान, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार एवं समिति के एमडी अरुण सोलंकी ने अफजलगढ़ मार्ग पर शोरूम का फीता काटकर शुभारंभ किया। समिति के एमडी अरुण सोलंकी ने बताया कि समिति के कर्मचारी किसानों को घरेलू उपयोग में लाए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं को कम दामों पर बेचेंगे। इससे समिति की आय बढ़ेगी और किसानों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। समिति का टाटा समूह की कंपनी कंज्यूमर इलेक्ट्रानिक्स रिटेल ब्रांड क्रोमा के साथ टाइअप हुआ है। वहां पर सुरेंद्र पाल सिंह, विनय कुमार, कपिल कुमार, सुमित कुमार, मुस्तफा अली, कंचन, चंचल लता, मो. असिम आदि थे। संवाद