जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बड़ते ग्राफ पर चिंता व्यक्त करते हुए डीआईजी कुमाऊं पूरन सिंह रावत ने दुर्घटना स्थलों की समीक्षा की।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में हुई बैठक में डीआईजी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से जिले के दुर्घटना स्थलों की समीक्षा की। कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटनास्थल से 500 मीटर आगे और पीछे बोर्ड और फ्लैक्स ऊंचाई पर लगाये जाएं और इनमें बड़े अक्षरों में सुरक्षा की चेतावनी भी अंकित की जाये। 90 डिग्री वाले मोड़ों पर रोड साइड टूटे हुए डिवाइडरों को सही करवाया जाये। स्कूली बच्चों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाये। वाहन चालक अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगवाएं अन्यथा कार्रवाई होगी। बैठक में एसएसपी डा. सदानंद दाते, एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा, एसपी सिटी काशीपुर डॉ. जगदीश चंद्र, एनएचएआई के रजत कुटियार, नगर निगम के राजीव चौहान, एआरटीओ नंद किशोर, पीडब्ल्यूडी के तरुण कुमार जोशी आदि थे।
यूएसनगर में सबसे अधिक हुई सड़क दुर्घटना
कुमाऊं के छह जिलों में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाऐं यूएसनगर में हुई हैं। वर्ष 2017 के नवंबर तक के आंकड़ों को देखें तो इन 11 महीनों में यूएसनगर जिले में 313 सड़क दुर्घटनाएं हुई जिसमें 222 लोगों की जान चली गई। नैनीताल जिले में हुई 182 दुर्घटनाओं में 95 लोग, अल्मोड़ा जनपद में 10 दुर्घटनाओं में पांच, बागेश्वर जिले में 11 दुर्घटनाओं में चार, पिथौरागढ़ में सात दुर्घटनाओं में छह और चंपावत में 19 सड़क दुर्घटनाओं में 16 लोगों की जान चली गई। और इन्हीं 11 माह में पूरे कुमांऊ में 422 लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल भी हुए हैं।
पुलिस लाइन में मिलेगी पुस्तकालय की सुविधा
पुलिस लाइन में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिजनों को अब पुलिस लाइन में ही पुस्तकालय की सुविधा मिलेगी। एसएसपी डा. सदानंद दाते के प्रयासों से खोले गये पुस्तकालय का बृहस्पतिवार को डीआईजी कुमाऊं ने शुभारंभ किया। एसएसपी ने बताया कि पुस्तकालय में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पाठ्य सामग्री के साथ ही कानूनी किताबों को भी रखा गया है। इसके साथ ही आध्यात्म से संबंधित पुस्तकों को पढ़ने की सुविधा भी पुस्तकालय में मिलेगी। 850 पुस्तकों के साथ शुरू किये गये इस पुस्तकालय में आगे भी पुस्तकों को बढ़ाया जायेगा। कंप्यूटर शिक्षा की भी व्यवस्था की गई है। पुस्तकालय की स्थापना में सिडकुल पंतनगर की टाटा, बजाज और महिंद्रा कंपनी ने सहयोग दिया है। इस अवसर पर महिंद्रा कंपनी के अमरजीत सिंह, प्रताप सिंह, बजाज कंपनी के आशुतोष शर्मा, टाटा कंपनी के हेमंत कुमार आदि उपस्थित रहे।
बारावफात जूलूस विवाद का लेंगे संज्ञान
डीआईजी पूरन सिंह रावत ने कहा कि नेपाल में चुुनाव के मद्देनजर चंपावत, पिथौरागढ़ के साथ ही खटीमा के कुछ हिस्सों में चौकसी बरती जा रही है। चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट है। कहा कि हादसों के लिए जिम्मेदार बड़े वाहनों के चालान तो होते हैं, मगर कारों के चालान बहुत कम हो पाते हैं। कहा कि वीडियो रिकार्डिंग करने के साथ ही कारों का भी चालान किया जाएगा। बारावफात जुलूस को लेकर हुए बखेड़े के मामले में खुफिया विभाग की रिपोर्ट का संज्ञान नहीं लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि त्यौहार रजिस्टर के साथ पूर्व में इस संबंध में बैठक ली जाती है। रिपोर्ट का संज्ञान क्यों नहीं लिया गया, इस पर जानकारी लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।