पंतनगर। एयरपोर्ट पर मंगलवार को कम दृश्यता के चलते इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली–पंतनगर के बीच संचालित दोनों उड़ानें रद्द कर दी गईं जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
विमानों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 800 मीटर रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) की जरूरत होती है लेकिन मंगलवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर दृश्यता मात्र 400 मीटर ही दर्ज की गई। निर्धारित मानकों से कम दृश्यता होने के कारण विमान को उतारना संभव नहीं था। इसी कारण इंडिगो की पहली उड़ान संख्या 6ई-7324, जो दोपहर 1:05 बजे पंतनगर पहुंचने वाली थी और दूसरी उड़ान संख्या 6ई-7156, जिसे शाम 4:15 बजे उतरना था। दोनों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली एयरपोर्ट क्षेत्र में भी घने कोहरे के कारण पूरे दिन उड़ान संचालन प्रभावित रहा।
पंंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए कम दृश्यता के चलते उड़ानों के संचालन की अनुमति नहीं दी गई। उड़ानें रद्द होने के बाद एयरलाइंस प्रबंधन की ओर से यात्रियों को अगली उपलब्ध उड़ानों में समायोजित करने अथवा पूर्ण किराया वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अचानक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में खासा असंतोष रहा। कई यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ को अपनी यात्रा योजनाएं बदलनी पड़ीं। संवाद
कोहरे में सावधानी से बस को चलाया जाए
काशीपुर। कोहरे के दौरान बस को सावधानी से चलाने को लेकर एआरएम ने चालक और परिचालकों को निर्देश दिए। काशीपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि चालकों और परिचालकों को कोहरे के दौरान मार्ग पर पड़ी सफेद पट्टी का विशेष ध्यान रखते हुए वाहन को चलाने को कहा गया है। वाहन में सभी डिपर और वाइपर कार्यरत होने चाहिए विशेष ध्यान रखें, अत्यधिक कोहरे वाली जगह पर परिचालक को आगे बैठाकर संभव सहयोग अवश्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।