पंजाब के पठानकोट में आतंकी हमलों के बाद हरकत में आई पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे और इंदिरा चौक में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध सामानों की जांच की। प्राइवेट वाहनों की भी जांच की गई। करीब दो घंटे तक चले अभियान में कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई।
शनिवार को एएसपी पंकज भट्ट, कोतवाल जेसी पाठक की अगुवाई में टीम ने इंदिरा चौक में वाहनों की जांच की। वाहनों में सामान संदिग्ध मिलने पर जांच भी की गई। लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। वहीं बाजार चौकी इंचार्ज बीएस रमोला की अगुवाई में बम निरोधक दस्ता रोडवेज बस अड्डे में जा पहुंचा। दल ने बसों में चढ़कर सामानों की जांच की। एक जगह काफी संख्या में रखे डिब्बों को देखकर टीम को शक हुआ तो संबंधित व्यक्ति से डिब्बे खुलवाए गए। डिब्बों में बाइक की लाइटें निकलीं। टीम ने अड्डे में घूमकर यात्रियों के बैगों की जांच भी की। एएसपी भट्ट ने बताया कि पठानकोट में हुए आतंकी हमले के बाद ऐहतियातन चेकिंग अभियान चलाया गया था। लेकिन अभियान में कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला।